रामनगर (नैनीताल)। संदिग्ध परिस्थितियों में घायल युवक के पिता ने पुत्र को घायल कर नकदी छीनने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ग्राम धनपुर कानिया निवासी हरप्रीत सिंह ने मंगलवार को पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उनका पुत्र अजय 30 सितंबर की रात परिजनों के साथ रामलीला देखने गया था। वहां से लौटने पर उसके फोन पर किसी ने संपर्क किया। बात पूरी होने पर उसने बताया कि वह किसी काम से जा रहा है। जल्दी लौट आएगा। देर तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। देखा कि करनपुर रोड पर उसकी बाइक क्षतिग्रस्त थी। उसके सिर में गहरी चोट लगी थी। उसकी जेब से आधार कार्ड, एटीएम, डीएल, आठ हजार रुपये गायब थे। तब से वह अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती है। हरप्रीत ने उसके पुत्र पर हमले की आशंका जताई है। उसने आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।