लालकुआं (नैनीताल)। कर्णप्रयाग चमोली से भागकर आई महिला को बाजार में दूसरे संप्रदाय के युवक के साथ घूमते समय पुलिस ने हिरासत में ले लिया। रात में जेवर बेचने के प्रयास में शक होने परयुगल पकड़ा गया। पुलिस ने युवती के घर कर्णप्रयाग सूचना देकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
रविवार रात एक युगल नगर के कई सुनारों की दुकानों पर पहुंचा। वह सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी बेचने का प्रयास कर रहे थे। सुनारों ने जब उनसे उनका पहचान पत्र मांगा तो युवक का पहचान पत्र देखने से पता चला कि वह दूसरे संप्रदाय का है। संदेह होने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे कोतवाल रवि कुमार सैनी ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि युवक बदायूं यूपी का रहने वाला है, जबकि युवती कर्णप्रयाग से शनिवार को घर से लापता हुई थी। इसकी गुमशुदगी कर्णप्रयाग थाने में दर्ज है। कोतवाल सैनी ने बताया कि कर्णप्रयाग कोतवाली को युवती की बरामदगी की सूचना दे दी है। सोमवार को युवती के परिजनों की पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि युवती विवाहिता है। संभवत: पति से नाराज होकर घर से आ गई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की तहकीकात कर रही है।