हल्द्वानी। काठगोदाम स्थित एक होटल के कर्मचारी की शराब पीने से बुधवार को हालत खराब हो गई। सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि उसने शराब के साथ कोई नशीला पदार्थ खा लिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अल्मोड़ा जिले के ताकुला निवासी किशोर (28) पुत्र मोहन राम काठगोदाम स्थित होटल में पांच साल से काम करता था। हालत बिगड़ने पर होटल मालिक गुरजीत सिंह चड्ढा और कर्मचारियों ने उसे सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने होटल मालिक और होटल कर्मियों से भी पूछताछ की। मेडिकल चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि अधिक शराब पीने के कारण उसकी मौत हुई है। चचेरे भाई किशन कुमार का कहना है कि किशोर इकलौता बेटा था।