हल्द्वानी। महक खान के बेटे के बीटेक छात्रा को भगा ले जाने से भड़के हिंदू महासभा, शिव सेना और बजरंग दल के कार्यकर्ता उनके पकड़े जाने की सूचना पर काठगोदाम थाने पहुंच गए। प्रदर्शन कर रही कार्यकर्ता युवक का मुंह काला करने की धमकी दे रहे थे। कोतवाल ने समझाबुझाकर उन्हें शांत किया।
हिंदू महासभा के प्रशांत अग्रवाल, विहिप से जुड़े कृष्ण गोपाल, सौरभ अग्रवाल, बजरंग दल के विभाग सह संयोजक ललित वाल्मीकि काठगोदाम थाने पर गए थे लेकिन पुलिस ने युवक और युवती को अन्य थाने में रखा था। संगठनों के लोग नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंच गए। यहां मौजूद कोतवाल केआर पांडे ने उनको समझाने का प्रयास किया लेकिन वे अदालत परिसर में युवक का मुंह काला करने और दुकान में तोड़फोड़ करने पर आमादा थे। कोतवाल ने कहा कि कानून हाथ में लेने पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। इस दौरान नोकझोंक भी हुई। इधर एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने महक खान के कारखाना बाजार स्थित ब्यूटी पार्लर पर फोर्स को तैनात कर दी, ताकि कोई तोड़फोड़ न कर सके। अदालत में पेशी के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।