फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मासूम को कुचला मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
हल्द्वानी। ओवरटेक करने के चक्कर में डंपर ने स्कूटी सवार मां-बेटी को कुचल दिया। हादसे में आठ साल की मासूम मौके पर ही मौत हो गई जबकि मां गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती है। हादसे से गुस्साई भीड़ ने एनएच 87 पर जाम लगा दिया। इस दौरान भीड़ कोतवाल से भिड़ गई। पुलिस ने आधे घंटे बाद किसी तरह शव उठाकर जाम खुलवाया।
विज्ञापन

मूल रुप से लखनऊ के रहने वाले सत्यप्रकाश काठगोदाम रोडवेज डिपो में परिचालक पद पर तैनात हैं। वह यहां रोडवेज कालोनी में पत्नी नीलम और बेटियां महिमा (10), गरिमा (8) के साथ रहते हैं। दोनों बेटियां सेंट थेरेसा स्कूल में पढ़ती हैं। महिमा चौथी और गरिमा तीसरी कक्षा की छात्रा है। सत्यप्रकाश दो दिन पहले लखनऊ में बीमार पिता की तीमारदारी को गए हुए थे। इस वजह से पत्नी नीलम स्कूटी से बेटियों को स्कूल लाने छोड़ने जाती हैं। गरिमा की छुट्टी दोपहर में एक बजे हो जाती है। इधर शुक्रवार को नीलम स्कूटी से छोटी बेटी गरिमा को लेकर घर आ रही थी। इस बीच काठगोदाम वर्कशाप के सामने नैनीताल की ओर रेता बजरी लेकर जा रहे तेज रफ्तार डंपर यूके 04 सी 6644 ने स्कूटी को ओवरटेक करने की कोशिश की। डंपर की चपेट में आने से स्कूटी गिरी और डंपर के पिछला पहिया मासूम गरिमा और मां को कुचलता हुआ निकल गया। हादसा इतना भयानक था कि गरिमा का दिमाग बाहर निकल आया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि मां नीलम को गंभीर हालत में कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच मौका पाकर चालक डंपर को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। दर्दनाक हादसे को देखकर भड़के क्षेत्रवासियों ने काठगोदाम-नैनीताल हाइवे पर जाम लगाया दिया। लोग डंपर में आग लगाने और चालक की गिरफ्तारी की जिद पर अड़ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसे की सूचना पर काठगोदाम थाना प्रभारी बीएल विश्वकर्मा मौके पर पहुंच गए और शव उठाने का प्रयास किया। गुस्साई भीड़ कोतवाल से भिड़ गई और नो एंट्री में ट्रक छोड़ने को लेकर हंगामा काटने लगी। जाम की सूचना पर कोतवाली पुलिस, मुखानी थाने समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बमुश्किल उग्र भीड़ को समझा कर शव उठाया। इसके बाद जैसे ही पुलिस डंपर को थाने ले जाने लगी तो भीड़ पुलिस से भिड़ गई। पुलिस किसी तरह डंपर को थाने पहुंचाया और सीज किया। बाद में भीड़ ने नारीमन चौक पर जाम लगा दिया। फिर पुलिस ने किसी तरह भीड़ को समझाकर यातायात चालू कराया। इस दौरान कोतवाल केआर पांडे, एसओ कमाल हसन, एसआई निर्मल लटवाल, मंजू ज्याला, राजेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद थे। देर सायं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल घटना की तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है फिर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।


काठगोदाम रोडवेज वर्कशाप गेट के सामने हुई घटना
बच्ची को स्कूल से घर लेकर जा रही थी स्कूटी सवार मां, गंभीर हालात में भर्ती
पुलिस ने बमुश्किल उग्र भीड़ को किया शांत, आरोपी चालक हिरासत में लिया


आरोपी चालक को हिरासत में लिया
पुलिस ने हादसे के आरोपी डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। वह शीशमहल गेट से उपखनिज लेकर पर्वतीय जनपद की ओर जा रहा था।
विज्ञापन


सिपाहियों की सूझबूझ आई काम
जब उग्र भीड़ शव नहीं उठाने दे रही थी और कोतवाल से भिड़ रही थी। इस बीच सिपाही एमसी तिवारी और वीरेंद्र मेहता ने फटाफट शव को उठाकर एंबुलेंस में रख दिया। जब तक भीड़ समझ पाती तब तक एंबुलेंस चली गई थी। इसी तरह तिवारी ने डंपर को थाने पहुंचा दिया। भीड़ डंपर को आग के हवाले करना चाहती थी। दोनों की सूझबूझ से बड़ा बवाल होने से बच गया।

गरिमा को सैंडविच था पसंद
मासूम गरिमा को सैंडविच बहुत पसंद था, इसलिए उसने स्कूल से लौटते वक्त मां से जबरदस्ती से ब्रेड खरीदवाई थी। घटनास्थल पर ब्रेड भी पड़ी थी। पड़ोसियों ने बताया कि 12 नवंबर को गरिमा का जन्मदिन था।

नो एंट्री में दौड़ते हैं डंपर
शहर में भारी वाहनों डंपर, ट्रक आदि के लिए सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक नो एंट्री रहती है फिर भी दिन भर धड़ल्ले से भारी वाहन चलते हैं। इन डंपरों से आए दिन हादसे होते हैं और लोगों को जान गंवानी पड़ती है।

न लाइट न डिपर फिर भी दौड़ रहा डंपर
जिस डंपर से हादसा हुआ है उस डंपर में न तो बैक लाइट, इंडिकेटर और रेडियम प्लेट नहीं लगी थी। इतना ही नहीं नंबर प्लेट पर नंबर भी नहीं लिखा था फिर भी ऐसे डंपर को आरटीओ ने फिटनेस दे दी जो बाद में एक मासूम के लिए काल बन गया।

रोडवेज कर्मी भी सड़क पर उतरे
परिचालक की बेटी की मौत पर काठगोदाम डिपो के कर्मी भी भड़क गए। उन्होंने भी जाम लगाने की कोशिश की। इस पर मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी मंजू ज्याला मौके पर पहुंची उन्हें समझाने की कोशिश की। एक डेढ़ घंटे तक कर्मियों की पुलिस से बहस हुई।

आज डंपर चालकों के साथ वार्ता करेगी पुलिस
सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए पुलिस आज अमृतपुर और पर्वतीय रूट पर जाने वाले डंपर चालकों के साथ काठगोदाम में बैठक करेगी। बैठक में आबादी इलाके में डंपर धीमी गति चलाने में आदि बिंदुओं पर समीक्षा की जाएगी।


आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है, तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर किया जाएगा। डंपर को भी सीज किया है। दोबारा इन घटनाओं को रोकने के लिए आज डंपर चालकों के साथ बैठक की जा रही है।
विज्ञापन

-अमित श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक शहर, हल्द्वानी

टाइम लाइन
1.15 बजे मां बेटी स्कूटी से घर की ओर रवाना
1.30 बजे डंपर ने स्कूटी सवार मां बेटी को कुचला, बेटी की मौत
1.40 मां को अस्पताल में भर्ती कराया
1.55 गुस्साई भीड़ ने जाम लगाना किया शुरू
2.05 कोतवाल बीएल विश्वकर्मा फोर्स के साथ पहुंचे
2.50 शव उठाकर पुलिस ने जाम खुलवाया
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें