हल्द्वानी। नशे में धुत बाइक सवार युवकों ने रविवार की रात टांडा बैरियर पर बखेड़ा कर दिया। टांडा जंगल में नहीं घुसने देने पर पहले वह पुलिस और वन कर्मियों से भिड़ गए फिर स्थानीय लोगों से हाथापाई कर दी। पुलिस ने पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार कर शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया।
टांडा बैरियर पर तैनात सिपाही महेश मर्तोलिया और कमल पंत के अनुसार दो बाइकों में सात लोग आए थे। सभी शराब के नशे में धुत थे। उन्होंने टांडा जंगल में जाने के लिए वन विभाग का बैरियर खोलने के लिए कहा। पुलिसकर्मियों ने कहा कि बैरियर वन विभाग के कर्मचारी ही खोलेंगे। इसे लेकर विवाद हो गया। पुलिस कर्मियों ने समझाने का प्रयास किया तो वे पुलिस से भी भिड़ गए। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी भी आ गए। इसके बाद कहासुनी बढ़ गई। पुलिस के अनुसार युवक खुद को माननीयों का रिश्तेदार बताकर गोली मारने की धमकी भी देने लगे। सिपाहियों ने घटना से कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। पुलिसफोर्स ने मौके से दुम्का बोगर हल्दूचौड़ निवासी राहुल दुम्का, दीपक बिष्ट, विजय दुम्का, हरिपुर लाची हल्दूचौड़ निवासी महेश दुम्का, दौलिया हल्दूचौड़ निवासी हरीश चंद्र को पकड़ लिया। इस बीच दो लोग मौके से भाग निकले। चौकी प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि पांचों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली पहुंचने पर भी वे सत्ता पक्ष के माननीय का करीबी बताते हुए गोली मारने की धमकी दे रहे थे।
पहले पुलिस और वन कर्मियों से भिड़े फिर स्थानीय लोगों से हाथापाई कर दी
माननीयों का रिश्तेदार बताकर पुलिस को गोली मारने की धमकी भी दी, पांच गिरफ्तार