हल्द्वानी। आईजी रेंज के निर्देश पर जिला पुलिस ने जाड़े में हादसे रोकने के लिए वाहन चालकों को हिदायत जारी कर दी है। एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने बड़े वाहन चालकों को गाड़ी के आगे और पीछे रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की पुलिस ने चेतावनी भी दी है। जाड़े में कोहरे के चलते आगे चलने वाले वाहन दिखाई नहीं देते हैं। अधिकतर हादसे इसी कारण होते हैं। हादसों को रोकने के लिए समस्त वाहन स्वामी या चालक ट्रक, डंपर, ट्रैक्टर, बस आदि बड़े वाहनों के आगे पीछे रिफ्लेक्टर लगाएंगे। सभी माल वाहक वाहनों में भरी गई सामग्री को तिरपाल आदि से ढक और बांधकर चलेंगे। सरिया, नुकीली प्रकार की सामग्री ले जाने वाले ट्रकों में सामग्री के पीछे लाल कपड़ा बंधा होना चाहिए। एसएसपी के निर्देशों का पालन न करने या नियमों का उल्लंघन करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत पुलिस कार्रवाई करेगी।
हादसे रोकने के लिए रिफ्लेक्टर लगाएं चालक
एसएसपी ने जारी किए निर्देश, नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई होगी