रामनगर (नैनीताल)। हरज्ञान सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में उसके साले ने रिजॉर्ट कर्मियों पर हत्या की आशंका जताते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कॉर्बेट रिवर साइड रिजॉर्ट ढिकुली में कार्यरत हरज्ञान सिंह पुत्र स्व.रामस्वरूप निवासी लालढांग, नई बस्ती 18 अप्रैल की शाम छह बजे ड्यूटी समाप्त कर अपने कमरे में गया था। अगले दिन सुबह उसे उसके कुछ साथियों ने कमरे के बाहर देखा था, लेकिन दोपहर 2:30 बजे जब एक कर्मचारी हरज्ञान को बुलाने उसके कमरे मेें गया तो हरज्ञान बेहोशी की हालत में कमरे में पड़ा था। जिस पर होटल के अन्य कर्मचारी उसे संयुक्त चिकित्सालय ले आए, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में होटल के कर्मचारी हरज्ञान का शव लेकर 19 अप्रैल की शाम उसके घर चले गए। जहां होटल कर्मचारियों ने हरज्ञान की पत्नी को बताया कि उसकी मृत्यु 18 अप्रैल की रात हो गई है। पत्नी द्वारा मृत्यु का कारण पूछने पर उन्होंने अनभिज्ञता जताई, जबकि 20 अप्रैल को अस्पताल में मौजूद होटल के अन्य कर्मचारियों ने हरज्ञान की मौत 19 अप्रैल की दोपहर में होना बताया। इस पर हरज्ञान के साले पवलगढ़ निवासी हरीश बिष्ट ने होटल कर्मचारियों के अलग-अलग बयानों के आधार पर जीजा की मौत के लिए होटल के कुछ कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
हरज्ञान की हत्या का आरोप, साले ने थाने में दी तहरीर
पुलिस जांच पड़ताल में जुटी