हल्द्वानी। बरेली से आई आरपीएफ की अपराध सतर्कता टीम ने ई-टिकटों के अवैध कारोबार में लिप्त साइबर प्वॉइंट संचालक को गिरफ्तार किया है।
इज्जतनगर (बरेली) से आई आरपीएफ के अपराध सतर्कता इंस्पेक्टर मयंक चौधरी, काठगोदाम के आरपीएफ इंस्पेक्टर रणदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने किदवईनगर में साइबर कैफे में छापामारी की। टीम ने ई-टिकटों के अवैध कारोबार में लिप्त कैफे संचालक मो. आमिर रजा निवासी वार्ड 22 फर्नीचर मार्केट किदवई नगर को पकड़ा। आमिर से सितंबर और अक्तूबर के 61 ई-टिकट और 72135 रुपये बरामद हुए हैं। इनमें 46 टिकट तत्काल के थे, जबकि सात टिकटों पर यात्रा बाकी है। पूछताछ में सामने आया कि आमिर ने 10 व्यक्तिगत आईडी पर ये टिकट बनाए थे। आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम 143 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना एसआई चंद्रसेन सिंह को सौंपी गई है।