हल्द्वानी। फावड़े से हमले में घायल की पत्नी ने काठगोदाम पुलिस से शीघ्र हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की है। दमुआढूंगा निवासी भुवन सिंह नगरकोटी अपने मित्र पूर्वी खेड़ा निवासी चंद्रबल्लभ जोशी के साथ छह अप्रैल को पश्चिमी खेड़ा गौलापार में जमीन देखने के गए थे। आरोप है कि मौके पर उनकी मुलाकात पश्चिमी खेड़ा निवासी उमेश जोशी से हुई। इस दौरान उमेश ने चेताया कि उनकी मर्जी के बिना यहां किसी की जमीन नहीं बिकेगी। उसने फावड़े से भुवन पर प्रकार किया। बचाव करने पर चंद्र बल्लभ को भी चोटें आई। जाते समय हमलावर ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी थी। काठगोदाम पुलिस ने शिकायत मिलने पर इस मामले में धारा 323, 325, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया। भुवन की पत्नी का आरोप है कि उसके पति भोटियापड़ाव स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती हैं। उनके दोनों हाथों और पैर में गंभीर चोट लगी है। इस मामले में पुलिस ने एक सप्ताह बाद कार्रवाई नहीं की। इस बारे में थानाध्यक्ष कमाल हसन ने बताया कि पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी थी। मेडिकल रिपोर्ट सोमवार को आने के बाद पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
हमलावरों को गिरफ्तार करने की लगाई गुहार
एक सप्ताह पहले फावड़ा से हमला करने का आरोप