हल्द्वानी। शहर में चर्चित एक हत्याकांड के मामले में पुलिस ने जिस व्यापारी अंकित बंसल से पूछताछ की है, आरोप है कि उसके चाय विक्रेता भाई को बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने हत्याकांड में किसी का नाम लेने पर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला बद्रीपुरा निवासी राकेश कुमार बंसल कुछ दिन पहले हत्याकांड में पूछताछ के लिए लाए गए अंकित बंसल का बड़ा भाई है। राकेश की केमू स्टेशन के पास चाय की दुकान है। राकेश का आरोप है कि शनिवार शाम तीन अज्ञात लोग बाइक से उसकी दुकान पर आए। उन्होंने तमंचा दिखाकर धमकी दी कि यदि अंकित ने हत्याकांड के बाबत किसी का नाम लिया तो उसे मार दिया जाएगा। राकेश ने कोतवाल विक्रम सिंह राठौर को तहरीर दे दी है। उसने पुलिस से सुरक्षा भी मांगी। कोतवाल ने जांच का आश्वासन देकर राकेश को वापस लौटाया। कोतवाल का कहना है कि इस मामले में रविवार को सीसीटीवी फुुटेज से जांच की जाएगी। यदि किसी ने धमकाया तो उसे पकड़ा जाएगा। यह शिकायत सही मानी जाए तो कई सवाल उभर कर सामने आ रहे हैं कि क्या कातिल शहर में घूम रहे हैं। उनको अंकित के बयान से खतरा पैदा हो गया है। पुलिस को बताए गए नामों के बारे में गंभीरता से विचार करना होगा। चाय विक्रेता की धमकी पुलिस के लिए एक और बड़ी चुनौती है। यदि कातिल शहर में हैं तो पुलिस को दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।