संवाद न्यूज एजेंसी
किच्छा। जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार के फार्म हाउस पर मंगलवार रात कार सवार के घुसने से दहशत फैल गई।
घटना के समय रेनू के पति भाजपा नेता सुरेश गंगवार अपने कुछ मित्रों के साथ भोजन कर रहे थे। इस दौरान कार सवार दो लोग भाग निकले, वहीं एक को मौके पर पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत लेकर मामले की जांच में जुटी है।
रात करीब 10 बजे बरा की ओर से आई एक कार ने फार्म हाउस के गेट को जैसे ही टक्कर मारी, वहां हंगामा मच गया। किसी दुश्मन की ओर से अनिष्ट की आशंका से गंगवार अपने साथियों समेत निकले और कार सवार को पकड़ लिया।
सुरेश गंगवार ने बताया कि ग्रामीणों ने वहां से भागते दो अन्य लोगों को देखा है। सूचना पर पुलभटटा एसओ प्रदीप मिश्रा मय फोर्स मौके पर पहुंच गये और आरोपी को हिरासत में लिया।
देर रात सुरेश ने आशंका जताई कि फार्म हाउस पर पहुंचने वाले कोई राजनैतिक दुश्मन हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस की जांच पर भरोसा है।
पुलिस सारे मामले की जांच करे अगर कोई दोषी हो तो उसके खिलाफ कार्रवाई करे। इधर घटना के बाद फार्म हाउस पर बड़ी तादाद में गंगवार के समर्थक एकत्र हो गए और जमकर हंगामा काटा। बुधवार सुबह सुरेश गंगवार इस प्रकरण को लेकर एसएसपी मणिकांत मिश्रा से मिले और प्रकरण की जांच की मांग की, उन्होंने बताया कि कप्तान ने जांच का भरोसा दिलाया है।