रुद्रपुर के अस्पताल में घायल सिपाही का हाल जानते एसएसपी टीसी मंजू नाथ
- फोटो : KITCHHA
किच्छा। चुकटी देवरिया स्थित टोल के पास वाहन चेकिंग कर रहे सिपाही को लकड़ी से भरे ट्रक ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल सिपाही को रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायल सिपाही के स्वास्थ्य की जानकारी ली। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया था जिसे सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।
लालपुर के चौकी प्रभारी सुनील बिष्ट रविवार रात को सिपाही लक्ष्मण सिंह बिष्ट और किशोरी के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान लकड़ी से ओवरलोड ट्रक (यूके 06 सीए 7713) को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। चालक ने ट्रक को रोकने की बजाय रफ्तार तेज कर दी। इससे सामने खड़े सिपाही लक्ष्मण सिंह बिष्ट उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद चालक थोड़ी दूर जाकर ट्रक को सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे में लक्ष्मण सिंह को गंभीर चोटें आईं। आननफानन उसे एंबुलेंस से रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ ओमप्रकाश शर्मा, कोतवाल धीरेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। कोतवाली में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। सोमवार सुबह आरोपी चालक ट्रक से कागजात लेने पहुंचा तो पुलिस ने उसे दबोच लिया। सोमवार को एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने अस्पताल पहुंचकर घायल सिपाही के स्वास्थ्य की जानकारी ली। एसएसपी ने अधीनस्थों से दुर्घटना करने वाले ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।