नैनीताल। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा की ओर से बुलाई गई बैठक में नैनीताल की यातायात व्यवस्था को सुधारने और पार्किंग की समस्या को हल कराने को लेकर लोगों ने कई सुझाव दिए। उन्होंने बाजार के आसपास स्थानीय लोगों को अनिवार्य रूप से पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने, शहर में हाइड्रोलिक जैसी पार्किंग बनवाने, पार्किंग को लेकर पूर्व के वर्षों में बनाई गई योजनाओं को मूर्त रूप देने और सड़कों के किनारे वाहनों को खड़ा करने पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने पर जोर दिया।
हाईकोर्ट ने पिछले दिनों नैनीताल पुलिस को आदेश दिए थे कि शहर की यातायात और पार्किंग की व्यवस्था को सुधारने के लिए लोगों के साथ बैठक कर उनके सुझाव लें। हाईकोर्ट के निर्देश पर कप्तान ने सोमवार को नैनीताल क्लब में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और आम लोगों के साथ बैठक की। बैठक में व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन व टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के अलावा अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों समेत विभागीय अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
मां नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा कि बार-बार बैठकें करने के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। व्यापार मंडल सचिव त्रिभुवन फर्त्याल ने बाजार के आसपास पार्किंग की व्यवस्था कराने पर जोर दिया। पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी मंटू ने कहा कि उनके कार्यकाल में पालिका ने शहर में कई स्थानों पर छोटी छोटी पार्किंग स्थलों की योजना बनाई थी, उस पर आज तक अमल नहीं हुआ। भाजपा नेता मनोज जोशी ने कहा कि स्थानीय लोगों व कारोबारियों को भी व्यवस्था बनाने में सहयोग करना चाहिए। पूर्व सभासद मनोज साह जगाती ने कहा कि शहर में कई ऐसे होटल और होम स्टे हैं जिनके पास पार्किंग नहीं है।
वक्ताओं ने शहर के बाहर नए पार्किंग स्थल विकसित करने, सीजन के दौरान जरूरत पड़ने पर पार्किंग के लिए फ्लैट्स मैदान का उपयोग करने और हाइड्रोलिक पार्किंग बनाने जैसे सुझाव दिए। बैठक में मौजूद याचिकाकर्ता श्रुति जोशी ने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी ओर से दिए गए सुझावों को हाईकोर्ट में लिखित रूप से पेश किया जाएगा।
बैठक में एसएसपी मीणा, एसडीएम प्रमोद कुमार, ईओ राहुल आनंद, एसपी डॉ. जगदीश चन्द्र, सीओ विभा दीक्षित, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट, व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी व मारुति साह, पुनीत टंडन, टैक्सी यूनियन तल्लीताल के पंकज तिवारी, लोनिवि के सहायक अभियंता जीएस जनोटी, कोतवाल धर्मवीर सोलंकी, यातायात निरीक्षक आदेश कुमार, एसओ रमेश बोहरा आदि मौजूद थे।
बाजार क्षेत्र के समीप हो फ्री पार्किंग स्थल
नैनीताल। व्यापारियों ने कहा कि लोग बाजार में दोपहिया वाहन लेकर सामान खरीदने आते हैं। ऐसे वाहनों की पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करते हैं। पुलिस उनका भी चालान कर देती है। उन्होंने बाजारों के समीप फ्री पार्किंग व्यवस्था की मांग की। लोगों ने पॉकेट पार्किंग बनाने पर भी जोर दिया। कहा कि पॉकेट पार्किंग निर्माण से स़ड़क किनारे वाहन खड़े नहीं होंगे।
-
मेट्रोपोल पार्किंग के लिए 23 करोड़ की योजना
नैनीताल। लोनिवि के सहायक अभियंता जीएस जनौटी ने बताया कि मेट्रोपोल पार्किंग में पांच सौ वाहन खड़े कराने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए 23 करोड़ की कार्ययोजना शासन को भेजी गई है। मेट्रोपोल में थीम पार्क बनाने की भी योजना है जो एप से संचालित होगा। इसका भुगतान फास्ट ट्रेक से होगा।
एसएसपी, नैनीताल, प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया कि बैठक में कई तरह के सुझाव मिले हैं। जिन सुझावों पर तत्काल अमल हो सकता है उन पर अमल कराया जाएगा। दीर्घकालीक सुझावों को न्यायालय के समक्ष रखा जाएगा ताकि न्यायालय के निर्देशानुसार संबंधित विभाग उस पर काम कर सकें। पुलिस का प्रयास है कि पार्किंग और यातायात बेहतर हो, ताकि सैलानियों और स्थानीय लोगों को दिक्कतें न हों।