नैनीताल। राज्य अतिथि गृह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (संपर्क विभाग) की ओर से प्रबुद्ध नागरिक पंच परिवर्तन विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता क्षेत्र संपर्क प्रमुख आनंद ने आह्वान किया कि समाज के हर परिवार में पंच परिवर्तन का भाव पैदा करें। ऐसा प्रयास करें कि हर परिवार में न केवल भाव पैदा हो, बल्कि वह इस पर अमल भी करें।शनिवार को हुए कार्यक्रम में स्वयंसेवकों के साथ ही वैज्ञानिकों, प्राध्यापकों व अधिवक्तओं ने भाग लिया। संघ के संपर्क प्रमुख आनंद ने स्वयंसेवकों से कहा कि स्वदेशी, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्यों का पालन यह पंच परिवर्तन हैं। स्वयंसेवकों को पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज में ऐसा भाव जाग्रत करना है कि लोग इन पर अमल करें। इससे स्वदेशी के प्रति जुड़ाव बढ़ेगा, परिवार में भी प्यार बढ़ेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डीएस रावत ने कहा भारत ही एकमात्र ऐसा देश है, जो पूरे विश्व को शांति, सुख और समृद्धि की राह दिखा सकता है। विधायक सरिता आर्या ने कहा भारत, अपनी सनातन संस्कृति, सभ्यता, और परंपराओं के कारण से अनादिकाल से विश्व का मार्गदर्शन करता आया है। इससे पूर्व डॉ. अजय अरोड़ा ने आरएसएस के विषय में विस्तृत जानकारी दी और मोहित ने एकल गीत प्रस्तुत किया। यहां उप महाधिवक्ता एनएस पुंडीर, डॉ. हरीश रौतेला, ललित जोशी, अधिवक्ता विपुल शर्मा, राजेंद्र बिष्ट, रमेश जीना, राहुल शर्मा आदि मौजूद रहे।