बीती रात ग्राम टांडा में स्थित दुकान में रखा सिलेंडर फटने से लगी आग में जलकर एक वृद्ध चौकीदार की मौत हो गई। विस्फोट इतना जबर्दस्त था कि दुकान शटर उखड़कर सड़क पर जा गिरा। वहीं, विस्फोट की आवाज से आसपास के ग्रामीण सहम गए। मौके पर पहुंचे पुलिस और दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इधर, वृद्ध के जले शरीर पर गले और हाथ-पैरों में लोहे का तार लिपटा मिलने से पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। वहीं सीओ ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कराई जाएगी।
रानीखेत रोड निवासी गुरप्रीत सिंह चड्ढा की ग्राम टांडा में कुछ जमीन के साथ ही पांच दुकानें बनी हुई हैं। इन दुकानों में पाकवाड़ा जिला मुरादाबाद निवासी माधो सिंह उर्फ बिसाती (74) गुरप्रीत के दादा ईश्वर सिंह चड्ढा के समय से बीते 40 साल से चौकीदारी का काम कर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक रात करीब 12 बजे अचानक विस्फोट की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस और अग्निशमन विभाग के लोग पहुंचे। जिस दुकान में विस्फोट हुआ था, वहां पर लगी जबर्दस्त आग बुझाई गई तो एक शव जली अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को अस्पताल भिजवाया।
इधर, पीरूमदारा चौकी इंचार्ज कमलेश भट्ट ने बताया कि मृतक के गले, हाथ और पैरों में लोहे का तार लिपटा मिला है। सीओ मिथिलेश कुमार ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। इस बीच घटनास्थल पर एसडीएम एसएस जंगपांगी और फारेंसिक एक्सपर्ट शंकरदयाल शर्मा की टीम भी पहुंची और मौके से साक्ष्य जुटाए। कोतवाल कैलाश पंवार ने बताया कि मामले में हर पहलुओं पर जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटना के संबंध में कुछ कहा जा सकेगा।
देर शाम कप्तान ने भी किया मौका मुआयना
शव के गले और हाथ-पैरों में लोहे का तार लिपटा मिलने की सूचना पर शनिवार देर शाम एसएसपी अबुदई सेंथिल और एसपी सिटी यशवंत सिंह चौहान ने भी मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। एसएसपी ने मामले को संदिग्ध बताते हुए कोतवाली पुलिस को हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई के निर्देश दिए।