हल्द्वानी। आठ जनवरी को सुबह दस से दोपहर एक बजे तक कोविड टीका (वैक्सीन) को लेकर पूर्वाभ्यास किया जाएगा। इसके लिए 10 टीमें बनाई गई हैं। एक टीम में पांच सदस्य होंगे।
कोविड 19 की वैक्सीन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। एक वॉयल वैक्सीन में दस लोगों को वैक्सीन लगाई जा सकेगी। पहले चरण में 98 सौ स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगनी है। इसके लिए जिले में 33 केंद्र बनाए गए हैं। 98 लोग वैक्सीन लगाने के काम में लगेंगे।
जिले में एलोपैथिक, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, सीएचसी और पीएचसी को मिलाकर 270 और निजी अस्पतालों (क्लीनिक, लैब एवं पैथोलॉजी) की संख्या 290 है। एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि पूर्वाभ्यास की तैयारी की जा रही है। कोविन एप से लेकर पोर्टल तक के बारे में वैक्सीन के काम में लगे लोगों को जानकारी दी जा रही है।
इन स्थानों पर होगा पूर्वाभ्यास
राजकीय मेडिकल कॉलेज, महिला अस्पताल, बीडी पांडे अस्पताल नैनीताल, पाल नर्सिंग कॉलेज, धारी, कोटाबाग, लालकुआं, भीमताल, रामगढ़, गरमपानी।