रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट पार्क की रात्रि विश्राम बुकिंग की वेबसाइट चार दिन से खराब होने के कारण पर्यटक परेशान हैं। अब तक कोरोना संक्रमण के चलते एक भी विदेशी पर्यटक की बुकिंग नहीं हो पाई है। वहीं पार्क प्रशासन वेबसाइट को दुरुस्त करने में जुटा है।
पार्क वार्डन आरके तिवारी ने बताया कि कॉर्बेट पार्क में अब तक लगभग 300 से अधिक देसी पर्यटकों की रात्रि विश्राम की बुकिंग हो चुकी है, जबकि किसी भी विदेशी पर्यटक ने बुकिंग नहीं कराई है। पिछले साल छह हजार से अधिक विदेशी पर्यटकों ने पार्क भ्रमण किया था। लगभग चार दिनों से रात्रि विश्राम की वेबसाइट में तकनीकी खराबी आने के कारण उसमें वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) नहीं आ रहा है, जिससे बुकिंग बंद है।
दिवसीय भ्रमण की वेबसाइट बुकिंग चालू है, क्योंकि उसमें ओटीपी नहीं आता है। पार्क प्रशासन संबंधित विभाग से संपर्क में है और जल्द ही साइट दुरुस्त हो जाएगी। बता दें कि कॉर्बेट के बिजरानी, ढेला और झिरना जोन में 15 अक्तूबर से रात्रि विश्राम शुरू हो जाएगा।
ये है वेबसाइट
www.corbettonline.uk.gov.in
15 अक्तूबर से खुलेगी आगामी बुकिंग
रामनगर। कॉर्बेट पार्क में पर्यटकों के लिए रात्रि विश्राम की ऑनलाइन आगामी बुकिंग 15 अक्तूबर से खुलेगी। इसमें 15 दिसंबर से 14 जनवरी तक आरक्षण किया जाएगा। फिर 15 जनवरी से 14 फरवरी, 15 फरवरी से 14 मार्च, 15 मार्च से 14 अप्रैल, 15 अप्रैल से 14 मई 2021 और सत्र की आखिरी बुकिंग 15 मई से 14 जून तक होगी। 15 जून से बरसात का सीजन शुरू होने से पार्क को रात्रि विश्राम के लिए छह माह के लिए बंद कर दिया जाता है। फिलहाल 21 सितंबर से 14 अक्तूबर तक रात्रि विश्राम की बुकिंग पर्यटकों के लिए खुली है।