रामनगर (नैनीताल)। नए साल का जश्न मनाने के लिए हर साल हजारों सैलानी सैलानी कॉर्बेट आते हैं। डे विजिट सफारी और नाइट स्टे के लिए एडवांस बुकिंग कराने से कॉर्बेट 31 दिसंबर तक के लिए पैक हो गया। हालांकि होटलों में बुकिंग पिछले साल की तुलना में कम है। होटल कारोबारियों को उम्मीद है कि थर्टी फर्स्ट से पहले बुकिंग फुल हो सकती है।
कॉर्बेट के ढिकाला, बिजरानी, झिरना, ढेला पर्यटन जोन में नाइट स्टे के लिए पर्यटक आवास गृह फुल हो चुके हैं। पर्यटकों ने यहां ठहरने के लिए ऑनलाइन एडवांस बुकिंग की हुई है। डे विजिट सफारी के लिए भी बुकिंग फुल है। इधर, कॉर्बेट से बाहर के होटलों में ठहरने के लिए कमरे खाली हैं। होटल कारोबारी नए साल के जश्न को खास बनाने की तैयारी में जुटे हैं। कॉर्बेट पार्क के वार्डन आरके तिवारी ने बताया कि नए साल के लिए कॉर्बेट में बुकिंग पूरी हो चुकी है। दूसरी ओर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिमान सिंह के मुताबिक इस बार पर्यटन सीजन अच्छा रहने की उम्मीद है। पिछले साल की तुलना में इस बार अभी महज 20 प्रतिशत लोगों ने ही बुकिंग कराई है। 15 दिसंबर से होटलों की एडवांस बुकिंग में इजाफा होने की उम्मीद है।