रामनगर। शीतकाल में मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका और वन्यजीवों की सुरक्षा को देखते हुए कॉर्बेट और अमानगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम ने सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला। शनिवार को कॉर्बेट के कालागढ़ उप प्रभाग के तहत सघन गश्त और चेकिंग की गई।
पार्क निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि यह फ्लैग मार्च ढेला वन विश्राम भवन से शुरू हुआ। इस दौरान विभिन्न आबादी क्षेत्रों और उनसे लगे जंगलों में निगरानी की गई। तराई पश्चिमी वन प्रभाग और अमानगढ़ टाइगर रिजर्व के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी संयुक्त रूप से चेकिंग की गई। गश्ती दल ने संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। ग्रामीणों से संपर्क कर उन्हें वन और वन्यजीव सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों से शिकार और अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की गई है।