कुमाऊं विवि प्रशासन की ओर से 13वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। राज्यपाल डॉ. के के पॉल के निर्देश के बाद विवि प्रशासन की ओर से प्रारंभिक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
विवि के कुलसचिव प्रो.डीसी पांडे ने बताया कि फिलहाल दीक्षांत समारोह की प्रस्तावित तिथि 20 अक्तूबर तय की गई है। समारोह को लेकर विवि की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अबकी बार भी राज्यपाल ने डीएसबी परिसर नैनीताल में ही दीक्षांत समारोह आयोजित कराने की इच्छा जाहिर की है।
उन्होंने कहा कि समारोह परिसर के एएन सिंह सभागार में होगा। सभागार में कुछ निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, इस बारे में कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह सितंबर मध्य तक हर हाल में सभी कार्य पूरा कर लें जिससे दीक्षांत समारोह के सफल संचालन में परेशानी न हो।
प्रो.पांडे ने बताया कि 17 अगस्त को सुबह 11.30 बजे से विवि कार्य परिषद तथा 19 अगस्त को परीक्षा समिति की बैठक विवि प्रशासनिक भवन में होगी।