नैनीताल। शहर में गैस आपूर्ति की किल्लत के चलते आम जनता बेहाल है। शुक्रवार को गैस वितरण केंद्रों के बाहर एक ऐसा ही मार्मिक दृश्य देखने को मिला, जहां मूसलाधार बारिश के बावजूद लोग भीगते हुए घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे। छाते और रेनकोट के सहारे लाइनों में लगे उपभोक्ताओं में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल थे।
उपभोक्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से गैस सिलिंडर न मिलने के कारण चूल्हे ठंडे पड़े हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि वितरण व्यवस्था में खामियों की वजह से एक ही स्थान पर अत्यधिक भीड़ जुट रही है। वहीं, पर्वत गैस एजेंसी की मैनेजर अंकिता पांडे ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है लेकिन एक साथ भारी संख्या में लोगों के पहुंचने से अव्यवस्था हो रही है। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है।