भीमताल (नैनीताल)। छह साल बाद भीमताल में पार्किंग बनने की उम्मीद पूरी हुई है। जिला विकास प्राधिकरण की ओर से भीमताल बाईपास में मत्स्य विभाग की भूमि पर पार्किंग का निर्माण कार्य अक्टूबर माह से शुरू किया जाएगा।
प्राधिकरण की ओर से पार्किंग निर्माण को लेकर सभी कार्यवाही पूरी की जा चुकी है। पार्किंग बनने से पर्यटन सीजन में सैलानियों और स्थानीय लोगों को जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय पर्यटन कारोबारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। प्राधिकरण की ओर से 150 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग का निर्माण कार्य किया जाएगा। हालांकि स्थानीय लोग और व्यापारी डांठ और तल्लीताल में भी पार्किंग निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, ताकि जाम की समस्या से निजात मिलने के साथ पर्यटन कारोबार में तेजी आ सके। प्राधिकरण सचिव विजयनाथ शुक्ल ने बताया कि पार्किंग निर्माण से संबंधित सभी कार्यवाही पूरी हो चुकी है। भीमताल में जल्द पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। संवाद