हल्द्वानी शहर के बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र में 12 अगस्त 2026 को बीएलओ इकराम अली की फर्जी लॉगिन आईडी बनाकर अज्ञात व्यक्ति ने मतदाता सूची से 28 लोगों के नाम हटाने के लिए ऑनलाइन फॉर्म-7 भरकर सबमिट कर दिया। वार्ड नंबर 31 इंदिरानगर निवासी इकराम अली की शिकायत पर अदालत के आदेश से पुलिस ने 27 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज किया है।
दर्ज मामले में इकराम अली ने बताया कि वह एसआईआर प्रक्रिया में अपने बूथ पर बीएलए-दो के रूप में कार्यरत हैं। 20 अगस्त को उनके साथी बीएलओ के माध्यम से उन्हें पता चला कि भाग संख्या 134 के 28 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए 12 अगस्त को उनके नाम से ऑनलाइन फॉर्म-7 जमा किए गए हैं।
बताया कि उन्होंने न तो किसी मतदाता का नाम हटाने के लिए आवेदन किया और न ही किसी दूसरे व्यक्ति को अपनी पहचान का इस्तेमाल करने की अनुमति दी। उन्होंने 24 अगस्त को बनभूलपुरा कोतवाली में तहरीर दी लेकिन मामला दर्ज नहीं हुआ। 29 अगस्त को एसएसपी नैनीताल को भी शिकायत भेजी गई। वहां से भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद कोर्ट के आदेश से 28 नवंबर को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि साइबर सेल की टीम को जांच में लगाया गया है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।