उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद कार्यालय में बोर्ड परीक्षाओं से पूर्व 16 फरवरी को बैठक होगी। इसमें प्रदेश के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारी, संकलन केंद्र प्रभारी हिस्सा लेंगे। बैठक में संकलन केंद्रों के रखरखाव, नकल प्रकरणों समेत कई अहम बिंदुओं पर चर्चा होगी। परिषद के अपर सचिव अशोक कुमार सिंह ने बताया बैठक बोर्ड सभापति आरके कुंवर की अध्यक्षता में होगी।
बैठक में उत्तर पुस्तिकाओं के रखरखाव, नकल प्रकरणों पर नजर रखने, परीक्षा केंद्रों का समय-समय पर औचक निरीक्षण करने, संकलन केंद्र में मंडलों की सुरक्षा करने, अतिसंवेदनशील केंद्रों में सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात करने, परीक्षा कक्ष में आवश्यक सामग्री नहीं रखने, बच्चों को आवश्यक दिशा निर्देश देने पर चर्चा होगी। इस वर्ष की परीक्षा के लिए 3,02667 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। प्रदेश में 1317 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।