हल्द्वानी। श्री रामलीला कमेटी का विवाद और आपसी खींचतान कम नहीं हो रही है। विवाद और वित्तीय शिकायतों को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने रामलीला कमेटी के खाते पर राशि निकासी पर रोक लगा दी है। मामले में 23 जुलाई को तीनों पक्षों को नोटिस देते हुए कार्यालय में उपस्थित होने को कहा है।
सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह ने बताया कि रामलीला मैदान में में लगे मेले के जरिये लाखों रुपये के गबन आदि की शिकायत की गई थी। इसके मद्देनजर तत्काल खाते पर रोक लगाई गई है, अब खाते से राशि निकाली नहीं जा सकती है, लेकिन कोई भी जमा कर सकता है। मामले में कमेटी अध्यक्ष लीला कांडपाल, महामंत्री अमित कबडवाल और कोषाध्यक्ष मनोज चौहान को नोटिस भेजते हुए सुनवाई के लिए बुलाया गया है। सभी पक्षों को सुनने के बाद आवश्यक आगे की कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो