हल्द्वानी शहर के शीशमहल स्थित युवा सामाजिक एवं सांस्कृतिक रामलीला समिति के मैदान पर मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ कराने के लिए समिति के ही दो पक्ष आमने-सामने आ गए। समिति ने मैदान के गेट पर ताला लगा दिया। समिति का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने ताला तोड़कर मैदान पर चालीसा का पाठ कराया। करीब दो घंटे तक जमकर हंगामा और दोनों पक्षों के बीच तनातनी का माहौल रहा। सूचना पर भारी पुलिस बल के साथ ही प्रशासन और नगर निगम की टीम शीशमहल पहुंची। पुलिस मुस्तैदी के बीच दोनों पक्षों ने अलग-अलग हनुमान चालीसा का पाठ किया। सभी के लौटने पर पुलिस फोर्स को हटाया गया।
मंगलवार को समिति सदस्य पंकज खत्री करीब 50 श्रद्धालुओं के साथ रामलीला मैदान पर हनुमान चालीसा का पाठ करने पहुंचे। मैदान के गेट पर समिति ने ताला लगा रखा था। पहले उन्होंने ताला खोलने के लिए कहा लेकिन समिति ने यह कहते हुए मना कर दिया कि हनुमान चालीसा का पाठ समिति कराएगी और उन्हें उसमें ही शामिल होना होगा। देखते ही देखते रामलीला मैदान महाभारत के संग्राम स्थल में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच खींचतान और तनातनी का माहौल बन गया। गेट का ताला टूटने के बाद पंकज खत्री अंदर पहुंचे और श्रद्धालुओं के साथ हनुमान चालीसा का पाठ शुरू किया। मैदान के दूसरी तरफ समिति की ओर से भी चालीसा पाठ कराया गया।
खत्री को किया जाएगा समिति से निष्कासित : तिवारी
हमेशा की तरह मैं ही कराऊंगा आयोजन : खत्री
पंकज खत्री ने कहा कि वह कई वर्षों से धार्मिक आयोजन करा रहे हैं। समिति को नगर निगम ने इस मैदान की देखरेख का जिम्मा सौंपा है। समिति इसकी आड़ में व्यावसायिक गतिविधियां कर रही है। मैदान गेट का ताला उन्होंने नहीं तोड़ा बल्कि नगर निगम और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस की मौजूदगी में ताला खुलवाया गया है। कहा कि उनके पास नगर निगम की तरफ से धार्मिक आयोजन की अनुमति है और वह हमेशा की तरह आगे भी प्रत्येक मंगलवार को धार्मिक आयोजन कराएंगे। खत्री छात्रसंघ के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना पर पुलिस फोर्स को भेजा गया था। शांति व कानून व्यवस्था बनी रहे इसके लिए फोर्स को कार्यक्रम स्थल पर आयोजन समाप्ति तक तैनात रखा गया। बातचीत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया गया। - मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी
ताला पूर्व से नहीं लगा था, आज ही लगाया गया था। विवाद की स्थिति को देखते हुए और कानून व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्व की स्थिति को बहाल किया गया। - एपी वाजपेयी, सिटी मजिस्ट्रेट
पंकज खत्री की तरफ से शिकायत दी गई है। मामले में पूर्व से विवाद चल रहा है। शिकायत के आधार पर दस्तावेज का अवलोकन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - पारितोष वर्मा, नगर आयुक्त