फोटो - चुनाव बहिष्कार की चेतावनी देने वाले पदाधिकारियों के साथ वार्ता करते प्रशासनिक अधिकारी।
लालकुआं। लाइनपार संजयनगर की विकास एवं कल्याण समिति के पदाधिकारियों द्वारा संजयनगर हाथीखाना क्षेत्र को नगर पंचायत लालकुआं में शामिल करने और राजस्व ग्राम बनाए जाने की मांग को लेकर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी के बाद प्रशासन हरकत में आया। उन्होंने समिति के लोगों को बैठक में जांच करने का आश्वासन दिया तो समिति ने चुनाव बहिष्कार के निर्णय को वापस ले लिया है। मामला प्रकाश में आने के बाद सोमवार को सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी हल्द्वानी परितोष वर्मा के निर्देश पर नगर पंचायत सभागार में तहसीलदार मनीषा बिष्ट और अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह की मौजूदगी में विकास एवं कल्याण समिति के पदाधिकारी से वार्ता के दौरान आचार संहिता का हवाला देते हुए प्रशासन द्वारा चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मामले की जांच कर हल निकाले जाने का आश्वासन दिया गया। वार्ता में समिति के अध्यक्ष मुख्तार अंसारी, अल्ताफ खान, ओमपाल कश्यप, इमरान खान, तहसीलदार लालकुआं मनीषा बिष्ट आदि मौजूद रहे।