भवाली (नैनीताल)। कैंची मेले को लेकर कमिश्नर दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने शनिवार को सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कमिश्नर ने भवाली-सेनिटोरियम बाईपास, नैनीबैंड का निरीक्षण कर रविवार को श्रद्धालुओं के वाहनों को पार्किंग स्थल में खड़े कर शटल से कैंची धाम भेजने को कहा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने का अनुमान है। कमिश्नर ने कैंची धाम में भी व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रखने को कहा। उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी वार्ता कर मेले के तैयारियों की जानकारी ली। कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। इस दौरान एसएसपी पीएन मीणा आदि मौजूद रहे।