हल्द्वानी। बिजली संबंधी किसी भी तरह की जानकारी अब घर बैठे एप के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। ऊर्जा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा ऊर्जा क्षेत्र की तमाम जानकारियों के लिए अलग-अलग एप तैयार किए हैं।
एप से एलईडी बल्ब से बिजली की बचत, बिजली की मांग, उपलब्धता, प्रस्तावित कटौती, ग्रामीण क्षेत्र में विद्युतीकरण की स्थिति, सोलर पावर प्लांट की स्थिति, लाइन लॉस, नए कनेक्शन, 24 घंटे बिजली की उपलब्धता की स्थिति आदि संबंधी जानकारियां हासिल कर सकेंगे।
ऊर्जा मंत्रालय अलग-अलग जानकारियों के लिए अलग-अलग एप तैयार किए हैं। एप से उपभोक्ता ऑनलाइन बिलिंग, नए कनेक्शन समेत तमाम जानकारियां हासिल कर सकते हैं। भारत सरकार ने उपभोक्ताओं और जनसामान्य तक विशेष जानकारियां पहुंचाने के लिए विशेष एप डाउनलोड करने की सुविधा दी है।
इनमें ऊर्जा एप के माध्यम से एलईडी बल्ब वितरण, प्रांतों, जिलों में बिजली की डिमांड के सापेक्ष उपलब्धता, प्रस्तावित कटौती आदि की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा उजाला एप से एलईडी बल्ब वितरण योजना के तहत अब तक वितरित बल्बों की संख्या और उससे बिजली बचत की जानकारी मिलेगी।
एलईडी बल्ब वितरित करने के बाद अब तक पीक आवर्स की डिमांड 5216 किलोवाट घटाने में मदद मिली है। पावर कारपोरेशन के अमित भारद्वाज ने बताया कि अब तक देश में लगभग 20 करोड़ एलईडी बल्ब का वितरण किया जा चुका है।
इसके द्वारा 2600 किलोवाट प्रति वर्ष की बचत की जा रही है। विद्युत प्रवाह एप से देश, राज्य को बिजली की डिमांड, उपलब्धता और आपूर्ति की जानकारी मिलेगी। गर्व एप में ग्रामीण क्षेत्र के कुल घरों के विद्युतीकरण का डाटा उपलब्ध है। सूर्य मित्र एप सोलर पावर प्लांट के इस्टालेशन, सर्विस, रिपेयरिंग आदि कार्यों को घर बैठे करा सकते हैं। उदय एप से लाइन लॉस की जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी। इस स्कीम को देश के 21 राज्यों ने स्वीकार कर लिया है।