हल्द्वानी। एसएसपी ने छेड़खानी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस को निश्चित स्थानों पर सीसीटीवी लगवाने के निर्देश दिए हैं। अब थाना प्रभारी अपने क्षेत्र के सभी प्राइवेट स्कूल और कोचिंग संस्थानों में छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों का सत्यापन करेंगे। यदि किसी संस्था में सीसीटीवी नहीं लगा तो उस संस्था के खिलाफ पुलिस वैधानिक कार्रवाई करेगी।
बहुउद्देशीय भवन में अपराध समीक्षा के दौरान एसएसपी सुनील कुमार मीणा ने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि छेड़खानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी महिला इंटर कालेजों के गेट पर सीसीटीवी लगाए जाएं। नशे के खिलाफ जारी अभियान में अधिक गुणवत्ता लाने के लिए थाना स्तर पर प्रभावी चेकिंग अभियान चलाया जाना चाहिए। खनन के लिए बाहर से आए ठेकेदार, मजदूरों और किराएदारों का भी सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन नहीं मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। बैठक में एसपी क्राइम रचिता जुयाल, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, एसपी राजीव मोहन, सीओ दिनेश चंद्र ढौडियाल, प्रतिसार निरीक्षक भूपेंद्र सिंह भंडारी, कोतवाल विक्रम सिंह राठौर, रामनगर प्रभारी रवि कुमार सैनी, लालकुआं थाना प्रभारी योगेश उपाध्याय, काठगोदाम थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत, बनभूलपुरा थानाध्यक्ष सुशील कुमार, थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत, रणवीर सिंह, जीआरपी थानाध्यक्ष अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।
ये निर्देश भी दिए
-गुमशुदा की बरामदगी के लिए आपरेशन स्माइल में अधिक से अधिक बरामदगी का लक्ष्य होना चाहिए। -अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए प्रत्येक थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी प्रभावी गश्त, पिकेट ड्यूटी लगाएंगे।
- संबंधित क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल की गश्त और पिकेट की जांच करेंगे।
-थाना प्रभारी अपने क्षेत्र के समस्त वरिष्ठ नागरिकों की सूची तैयार कर उनके साथ बैठक करेंगे।
-पुलिस पंचायत चुनाव के मद्देनजर ग्राम पहरियों से अपने-अपने थाना क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखेंगी।
-लंबित विवेचना और घटनाओं का अनावरण पर पुलिस विशेष ध्यान देगी।
-थाना प्रभारी, सीपीयू और यातायात प्रभारी शाम को अल्कोमीटर के साथ शराबी चालकों की जांच करेंगे।