राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर रामनगर के नगर वन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वन मंत्री सुबोध उनियाल ने शिरकत की।
पर्यावरण का संरक्षण हमारे संस्कारों में समाहित है। यह बात रामनगर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कॉर्बेट पार्क रिजर्व के ढिकाला, झिरना और बिजरानी जोन को सरकार ने आधुनिक मॉडल के रूप में विकसित किया है। इसी क्रम में अब कॉर्बेट के गर्जिया जबकि तराई वन प्रभाग के फाटो जोन को आधुनिक मॉडल बनाया जाएगा। राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को कोसी रेंज स्थित नगर वन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व वन मंत्री सुबोध उनियाल पहुंचे।
कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि मानव वन्यजीव संघर्ष में जान गंवाने वालों की मुआवजा राशि को छह लाख से बढ़ाकर 10 लाख किया गया है। सरकार ने पीरूल के दाम को तीन रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये किलो कर दिया है। कहा कि राज्य स्थापना के समय कॉर्बेट पार्क से दो करोड़ रुपये सालाना की आय होती थी जो अब 30 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। देश में वनों और वन्यजीवों के सरंक्षण व संवर्धन में उत्तराखंड प्रदेश नंबर वन है।
ईको टूरिज्म के लिए 62 नई डेस्टिनेशन खोजीं: वनमंत्री
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया ईको टूरिज्म व इकॉनमी के माध्यम से लोगों को आजीविका से जोड़ने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसके लिए प्रदेश में 62 नई टूरिज्म डेस्टिनेशन खोजी गई हैं। इन टूरिज्म क्षेत्रों से होने वाली आय का 80 फीसदी राजस्व स्थानीय लोगों को दिया जाएगा। जल्द ही इन टूरिज्म एक्टिविटी शुरू की जाएंगी।
कुमाऊं भर के वन प्रभागों ने लगाए स्टॉल
रजत जयंती के इस कार्यक्रम में वन विभाग के कुमाऊं भर के अधिकारी मौजूद रहे। दसमें उन्होंने अपने क्षेत्र के उत्पाद व विशेष कार्यों को लेकर प्रदर्शनी लगाई। इसके साथ ही कार्यक्रम रामनगर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने वनों और वन्यजीवों के संरक्षण को लेकर चित्रकाला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रमुख वन संरक्षक समीर सिन्हा, प्रमुख वन सचिव आरके सुधांशु, सीसीएफ तेजस्वनी पाटल, निदेशक सीटीआर डॉ साकेत बडोला, डीएफओ प्रकाश आर्या, डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, राकेश नैनवाल, भूपेंद्र खाती, संजय डोर्बी, जगमोहन बिष्ट, गणेश रावत, मनीष अग्रवाल आदि मौजूद रहे।