सीएम धामी के नैनीताल दौरे को लेकर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। एसपी ट्रैफिक ने पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नैनीताल भ्रमण को लेकर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की।
विज्ञापन
ब्रीफिंग के दौरान मुख्यमंत्री के आवागमन वाले रूट, ड्यूटी प्वाइंट, यातायात प्रबंधन और डायवर्जन प्लान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय से पहले अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर मुस्तैदी से तैनात रहने को कहा गया।
कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग और डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रखने को कहा गया।
विज्ञापन
पुलिस अधिकारियों ने आपसी समन्वय और वायरलेस संचार व्यवस्था मजबूत रखने के साथ किसी भी आकस्मिक स्थिति, भीड़ या कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। आपातकालीन सेवाओं और वैकल्पिक मार्गों को सुचारू रखने पर भी जोर दिया गया।
ब्रीफिंग में एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।