नैनीताल। तल्लीताल स्थित बिड़ला रोड पर शनिवार को दो वाहनों के खराब होने से यातायात ठप हो गया। दरअसल सड़क पर चढ़ाई के दौरान अत्यधिक दबाव पड़ने के कारण दोनों गाड़ियों की क्लच प्लेट जल गई जिससे वाहन खड़े हो गए। मार्ग संकरा होने के कारण देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं जिससे स्थानीय लोगों और दूरदराज से आए पर्यटकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के प्रयास में जुट गई। संकरे रास्ते पर गाड़ियां फंसने के कारण पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार दोनों खराब वाहनों को सड़क किनारे पार्क कराया गया जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे पटरी पर लौट सका।