भीमताल (नैनीताल)। रामगढ़ ब्लॉक के जमरानी गांव का जंगल बृहस्पतिवार रात धू-धू कर जल उठा। आग लगते ही जंगल से सटे गांव में अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई। आधी रात को ही ग्रामीण आग बुझाने के लिए जंगल की ओर जा पहुंचे, लेकिन रात में जंगल की आग बुझाते वक्त एक व्यक्ति असंतुलित होकर खाई में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राजस्व पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताते चलें कि बीते कई दिनों से रामगढ़ ब्लाक के मुक्तेश्वर, शीतला, दाड़िम, जमरानी और बोहराकोट के जंगल सुलग रहे हैं। बताया जाता है कि बीती रात जंगल में लगी आग आबादी की ओर आने लगी तो जमरानी और बोहराकोट के ग्रामीण रात सवा तीन बजे ही आग बुझाने के लिए घरों से निकल पड़े। इस दौरान आग बुझाने के लिए जा रहे बोहराकोट निवासी राजेंद्र सिंह सेन (56) असंतुलित होकर पहाड़ी से खाई मे जा गिरे, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह राजस्व अधिकारियों ने मौके पर पहुंचने के बाद किसी तरह ग्रामीणों ने शव को खाई से बाहर निकाला। पंचनामे के बाद राजस्व पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से गांव में मातम का माहौल है।