भीमताल (नैनीताल)। नौकुचियाताल क्षेत्र में स्थित भीमताल-बिलासपुर-नौकुचियाताल नहर की सफाई और मरम्मत न किए जाने पर ग्राम प्रधान संगठन में रोष है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र नहर की मरम्मत कर काश्तकारों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो वह डीएम कार्यालय में तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष हरीश जोशी राहुल ने बताया कि पूर्व में उक्त नहर से भीमताल से लेकर नौकुचियाताल तक लगभग दर्जन भर से अधिक गांवों और तोकों के काश्तकारों को सिंचाई लाभ मिलता था। पिछले साल विभाग ने नहर की मरम्मत के लिए 17 लाख का टेंडर किया, लेकिन संबंधित ठेकेदार ने काम को अधूरा ही किया।
इस कारण संबंधित क्षेत्र के किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। शनिवार को प्रधान संगठन के अध्यक्ष जोशी ने संबंधित क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और बीडीसी सदस्यों के साथ उक्त नहर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा है कि यदि शीघ्र नहर को नहीं खोला गया तो ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्य डीएम कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करेंगे।