फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nainital News: बारिश में दावे धुले, विकास कीचड़ से पटा

विज्ञापन
विज्ञापन
हल्द्वानी। गड्ढों और कीचड़ से पटीं गलियां हल्द्वानी के विकास के दावों पर करारा तमाचा जड़ रही हैं। बरसात ने सड़कों की हकीकत खोल दी है। जहां कदम संभलते नहीं, वहां जिम्मेदारों के वादे फिसल रहे हैं। खोदाई के बाद अधूरी छोड़ी गईं सड़कों ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। अधूरी खोदाई और लापरवाह व्यवस्थाओं ने गली-मोहल्लों की तस्वीर और भी बिगाड़ दी है। मंगलवार को शहर के मुखानी, रामपुर रोड, पीलीकोठी, बड़ी मुखानी, सुभाषनगर क्षेत्र में बदहाल सड़कों की पड़ताल करती रिपोर्ट...।
विज्ञापन



समय : दोपहर 1:00 बजे
रिमझिम बारिश के बीच रिहायशी इलाके में शुमार जज फार्म के ई-ब्लॉक में भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा के आवास के पास स्थित सड़क पर जलभराव है। निकासी के उचित प्रबंध नहीं होने के कारण पानी एक घर में घुस रहा था। कीचड़ से सनी सड़क पर आवाजाही मुश्किल भरी थी। यहां रहने वाली ऋतु पंत ने बताया कि यह समस्या काफी पुरानी है। कोई इस ओर ध्यान नहीं देता।
-

समय : दोपहर 1:35 बजे
बारिश थम गई और वार्ड-52 जज फार्म के सी ब्लॉक में पहुंचे तो देखा कि सड़क पूरी तरह उबड़-खाबड़ है और दो पहिया वाहनों के पहिये मिट्टी पर रपट रहे हैं। स्थानीय निवासी हेम अवस्थी का कहना है कि बारिश के बाद हर बार क्षेत्रवासियों को इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार कीचड़ पर रपटकर लोग घायल भी हो चुके हैं।
विज्ञापन

-
समय :दोपहर 2:08 बजे

वार्ड-51 पीलीकोठी में व्यस्ततम गैस गोदाम और आरटीओ कार्यालय को जोड़ने वाले लिंक मार्ग पर जगह-जगह पानी भरा है। रोजाना स्कूली बच्चे यहां से आवाजाही करते हैं। हादसे का हर वक्त खतरा बना रहता है। कीचड़ से सनी सड़क से परेशान लोगों का कहना है कि उनकी समस्या का समाधान कोई नहीं कर रहा है।

-
समय: दोपहर 2:26 बजे
मुखानी खड़िया फैक्टरी के पास जाने वाला लिंक मार्ग काफी संकरा है। सड़क पर हुए गड्ढों में पानी भरा है। स्थानीय निवासी नमन अरोरा का कहना है कि विकास के नाम पर शहर की सड़कों को बार-बार खोदकर खराब कर दिया गया है। नेता अपने में मस्त हैं। जनता की समस्या से मतलब नहीं रह गया।
-
समय : दोपहर 3:10 बजे
सुभाषनगर ठंडी सड़क के पास लिंक मार्ग महीनों से खुदे हैं। सीवर लाइन बिछाने के बाद यहां सड़क का काम बंद पड़ा है। लिंक मार्गाें को क्रंकीट डालकर छोड़ दिया है। यहां से आवाजाही करने वाले आवास विकास निवासी उदित गुरुरानी ने बताया कि कालोनी के तीन से चार हजार लोग रोजाना सुभाषनगर की सड़कों से आना-जाना करते हैं। बारिश के बाद तो यहां से निकलना खतरे से खाली नहीं।

जिन सड़कों पर सीवरेज या पेयजल लाइन डालने का काम पूरा हो गया है, उन्हें बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बारिश के कारण खलल पड़ रहा है। जल्द ही सभी मार्गों को दुरुस्त किया जाएगा। - कुलदीप कुमार, परियोजना प्रबंधक, यूयूएसडीए
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें