रामनगर। आपदाग्रस्त गांव चुकम के ग्रामीणों के विस्थापन की कार्यवाही अब तेज हो गई है। रविवार को प्रशासनिक टीम के साथ ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल चिह्नित की गई आमपोखरा रेंज की जमीन पर पहुंचा। यहां बसने के लिए ग्रामीण राजी हो गए हैं। अब आगे की कार्यवाही का इंतजार है।
चुकम गांव को विस्थापित करने के लिए 1993 से मांग चल रही थी। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के आमपोखरा रेंज के प्लाट संख्या 50 में तीन स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। सबसे बड़ा स्पॉट लगभग 27 हेक्टेयर का है। एसडीएम प्रमोद कुमार, तहसीलदार मनीषा मारकाना, एसडीओ कोसी अंकित बडोला के साथ ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल जमीन पर पहुंचा। ग्रामीणों को प्रशासनिक टीम व वनाधिकारियों ने जमीन के बारे में जानकारी दी और निरीक्षण भी कराया।
एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों को जमीन पसंद आई है। उन्होंने जमीन पर विस्थापित होने पर सहमति जता दी है। इस जमीन पर 129 परिवारों का विस्थापन होना है। बता दें कि इससे पूर्व जसपुर रेंज में भूमि चिह्नित की गई थी, जिसे ग्रामीणों ने अनुपयुक्त बताया था।