रामनगर। बीते कई वर्षों से पानी के लिए तरस रहे कानिया और चोरपानी के लोगों की जरूरत नगर पालिका पूरा करने जा रही है। पालिका एक करोड़ 31 लाख रुपये से यहां नलकूप का निर्माण कराएगी।
रामनगर के चोरपानी व कानिया क्षेत्र में पानी के 700 से अधिक कनेक्शन हैं। बीते कुछ सालों में यहां पानी के कनेक्शन तेजी से बढ़े। इससे आए दिन इन क्षेत्रों में पानी की समस्या बनी रहती है। इस पर पालिका ने नलकूप निर्माण का निर्णय लिया है। इसके लिए बोर्ड से बजट भी स्वीकृत कर दिया है। जल निगम की अधिशासी अभियंता पल्लवी चौधरी ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया के बाद जल निगम की देखरेख में नलकूप का निर्माण कराया जाएगा।
दूसरे चरण में पांच लाख लीटर का बनाया जाएगा टैंक
चोरपानी सभासद प्रतिनिधि हेमंत बिष्ट ने बताया कि मौजूद समय में कानिया व चोरपानी के लोगों के लिए डेढ़ लाख लीटर क्षमता का पानी का टैंक है। नलकूप स्थापित होने के बाद भी पेयजल आपूर्ति के दौरान दिक्कतें आती हैं तो दूसरे चरण में पांच लाख लीटर क्षमता का प्रस्ताव भी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।
टाइड ग्रांट के बजट को नगर पालिका की ओर से पेयजल व्यवस्था में खर्च किया जाता है। चोरपानी, कानिया में लंबे समय से पानी की दिक्कत है। इसे देखते हुए इस बजट माध्यम से एक करोड़ 31 लाख रुपये में नलकूप का निर्माण कराया जा रहा है।
आलोक उनियाल, ईओ रामनगर