रामनगर। वन्यजीव प्राणी सप्ताह के दूसरे दिन सीटीआर और उससे सटे आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। सीटीआर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आमडंडा से रिंगौड़ा गेट तक क्लीन कॉर्बेट, ग्रीन कॉर्बेट अभियान चलाकर कूड़ा एकत्र किया गया। साथ ही कालागढ़ प्रशिक्षण केंद्र में भी स्वच्छता अभियान और जागरूकता रैली आयोजित हुई। इसके बाद एक पैनल डिस्कशन का आयोजन किया। इसमें प्रबंधन की चुनौतियों और कॉर्बेट में पारिस्थितिकी पर्यटन विषय चर्चा हुई। स्कूली बच्चों को धनगढ़ी इंटरप्रिटेशन सेंटर और टाइगर सेल का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। दूसरी ओर रिंगौड़ा स्थित वाइल्डलाइफ आर्ट गैलरी में बच्चों ने निष्प्रयोज्य सामग्री से वन्यजीवों के आवास, पेड़-पौधे, सोलर पैनल, जल संरक्षण प्रणाली और पक्षियों के घोंसले तैयार कर रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। वाइल्डलाइफ आर्ट गैलरी के संस्थापक दीप रजवार ने बताया कि बच्चों ने मॉडलों के माध्यम से कचरे के पुनः उपयोग, प्लास्टिक प्रदूषण और वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान दिनेश मंगला, डॉ. दुष्यंत शर्मा, हंसा पांगती, पंकज मंदोलिया, मोहित सिंह राठौर, नवीन चंद्र पांडे आदि मौजूद रहे।