नैनीताल। लगातार बारिश के चलते इन दिनों बच्चों में बुखार, सर्दी, जुकाम के मरीाजों की संख्या बढ़ने लगी है। चिकित्सक बच्चों का उपचार कर उनके परिजनों को सही खानपान की सलाह दे रहे हैं।
बीते एक सप्ताह से नैनीताल में लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते सुबह शाम ठंड होने लगी है। बारिश में भीगने और ठंड के चलते बच्चों में बुखार और सर्दी, जुकाम की शिकायत होने लगी है। बीडी पांडे अस्पताल में बच्चों को दिखाने के लिए परिजन पहुंच रहे हैं। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एमएस दुग्ताल ने बताया कि बारिश में भीगने से कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले बच्चे बीमार पड़ सकते हैं। गीले कपड़े पहनने से भी बुखार, सर्दी या स्किन एलर्जी हो सकती है। बारिश में बच्चों को न भीगने दें व गीले कपड़े न पहनने दें। बच्चों को घर में बना पौष्टिक खाना ही खिलाएं। दिक्कत होने पर डॉक्टर की सलाह लें।