एमबीपीजी कालेज में सोमवार को घंटों लाइन में लगने के बावजूद स्टांप पेपर न मिलने पर छात्रों ने हंगामा कर चीफ प्राक्टर का घेराव किया। बाद में किसी तरह समझा बुझाकर छात्रों को शांत किया गया।
एडमिशन फार्म जमा होने की सोमवार को अंतिम तिथि होने के कारण स्टांप पेपर लेने के लिए सुबह से ही छात्र-छात्राओं की लंबी लाइन लग गई थीं। लेकिन अपराह्न तीन बजे तक लाइन में लगे तमाम छात्र-छात्राओं को स्टांप पेपर ही नहीं मिल सके, जिससे उनमें आक्रोश पैदा हो गया। छात्रनेता नवीन गोस्वामी के नेतृत्व में छात्रों ने चीफ प्राक्टर डा. आरएस भाकुनी को घेराव कर दिया। उनका कहना था कि घंटों लाइन में लगने के बाद भी विद्यार्थियों को स्टांप पेपर नहीं मिल पा रहा है।
सुबह दस बजे के स्थान पर 11 बजे के बाद स्टांप वेंडर काउंटर पर पहुंच रहे हैं। छात्र मनोज, लवी, राकेश, प्रीति आदि विद्यार्थियों का कहना था कि स्टांप पेपर न मिलने की वजह से वे एडमिशन फार्म नहीं जमा कर सके। अपराह्न तीन बजे से काफी देर तक स्टांप को लेकर हंगामा चलता रहा। बाद में चीफ प्राक्टर डा. भाकुनी ने भरोसा दिया कि स्टांप पेपर मिलने में कोई दिक्कत न हो, इसकी व्यवस्था की जाएगी। छात्र एडमिशन फार्म में स्टांप पेपर बाद में भी जमा कर सकते हैं।