किच्छा। हल्द्वानी रोड पर शुक्रवार तड़के अज्ञात वाहन की चपेट में आने से छतरपुर रुद्रपुर निवासी गोपाल (35) की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त उसके हाथ पर गुदे एक मोबाइल नंबर से की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुक्रवार सुबह हल्द्वानी रोड पर आनन्दपुर मोड़ के पास एक व्यक्ति की मौत अज्ञात वाहन से टकराने से हो गई। सूचना पर एसआई मनोज कुमार सिंह फोर्स सहित मौके पर पहुंचे। मृतक के पास किसी तरह की पहचान नहीं थी। बाद में पुलिस टीम ने मृतक के हाथ पर एक मोबाइल नंबर और गोपाल लमगड़ा अल्मोड़ा गुदा पाया तो मोबाइल नंबर से मृतक के घर का पता तस्दीक किया गया।
बताया कि उसकी शिनाख्त गोपाल पुत्र दान सिंह निवासी धर्मपुर छतरपुर के रूप में हुई। सूचना पर मृतक के पिता समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि गोपाल मजदूरी करता था। वह हल्द्वानी रोड पर आनन्दपुर मोड़ के पास कैसे पहुंचा यह पता नही लग पाया है। बताया जा रहा है कि गोपाल का परिवार अल्मोड़ा के लमगड़ा से आकर बस गया।