सितारगंज कोतवाली में चीकाघाट में चल रही शराब की अवैध फैक्ट्री से बरामद अंग्रेजी ब्रांड की शराब क?
- फोटो : SITARGANJ
सितारगंज। होटल स्वामी के फार्म हाउस पर अंग्रेजी शराब की अवैध फैक्ट्री में चंडीगढ़ के केमिकल और स्प्रिट से शराब तैयार की जा रही थी। उस पर हाई स्पीड ब्रांड के लेबल लगाए गए। माफिया इस तरह फैक्ट्री चलाकर टैक्स भी चोरी करना चाहते थे। पुलिस की सक्रियता से अवैध फैक्ट्री के पकड़े जाने के बाद माना जा रहा है कि इस जहरीली शराब से क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होने से बच गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि शराब की गुणवत्ता जांचने के लिए आबकारी विभाग के जरिये तैयार शराब की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी।
सितारगंज क्षेत्र में पहली बार अंग्रेजी शराब की अवैध फैक्ट्री संचालित होते पाई गई है। पुलिस मान रही है कि इस तरह की फैक्ट्री में शराब में प्रयुक्त केमिकल और स्प्रिट घातक हो सकता था। एसएसपी बरिंदरजीत सिंह के मुताबिक फैक्ट्री में संचालित मशीनों, कच्चे माल के रूप में लाई गई बोतलों, उन पर लगने वाले हाईस्पीड ब्रांड के लेबल, उनकी सील को कहां से खरीदा जाता था, यह जानने के लिए पुलिस जांच करेगी। पुलिस को शक है कि फैक्ट्री में हाईस्पीड ब्रांड नाम को भी कॉपी किया गया है। जांच के बाद ब्रांड का नाम कॉपी करना सामने आया तो कारोबारियों पर कॉपीराइट एक्ट में भी कार्रवाई होगी। इसके अलावा, पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई भी करने जा रही है।
तीन बार क्षेत्र में सप्लाई की गई शराब
सितारगंज। फैक्ट्री में बनाई गई अंग्रेजी शराब को पंचायत चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को भी परोसा जा रहा था। करीब तीन बार फैक्ट्री के मालिक ने क्षेत्र में इस शराब को भेजा। एसएसपी ने बताया कि क्षेत्र में सप्लाई शराब ज्यादा तो नहीं भेजी गई लेकिन एक बार में 16 से 20 पेटियां बेचने जाते थे। यह शराब कहां-कहां बिकी है, पुलिस उसका भी पता लगा रही है।