पंपोरकांड के दो आतंकियों की तलाश करने के लिए नैनीताल पुलिस भी चेकिंग कर रही है। डीजीपी के निर्देश पर खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। आतंकियों पर कश्मीर के पंपोर में सेना के आठ जवानों को मारने की आरोप है।
बता दें कि कश्मीर के पंपोर में आतंकियों ने दो दिन पहले सीआरपीएफ पर हमला कर दिया था। अचानक हुए हमले के दौरान आठ जवान मारे गए और 21 घायल हो गए थे। इस मामले में सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया था लेकिन दो आतंकी फरार हो गए। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आतंकियों को पकड़ने के लिए देश में एलर्ट जारी किया है।
नैनीताल पुलिस को भी अलर्ट के लिए प्रदेश मुख्यालय से पत्र मिला है। इस बारे में एसपी सिटी यशवंत सिंह चौहान ने बताया कि पंपोर से फरार दो आतंकियों को पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन की चेकिंग कराई गई है। पुलिस के अलावा एलआईयू को सक्रिय किया गया है। इस मामले में डीजीपी ने अपने क्षेत्राधिकारियों को मॉकड्रिल कराने के निर्देश दिए हैं।