लोहाघाट (चंपावत)। कढ़ाई देवी मंदिर के नजदीक से पुलिस और एसओजी की टीम ने कर्णकरायत एक अधेड़ व्यक्ति को 3.1 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी घर में ही चरस बनाकर उसे मैदानी क्षेत्र में बेचने के लिए ले जा रहा था। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज करने के बाद आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे लोहाघाट जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान शनिवार रात कढ़ाई देवी मंदिर से पैदल लोहाघाट की ओर आ रहे कर्णकरायत निवासी मान सिंह करायत (50) की तलाशी ली। उनके बैग से तीन किलो 100 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ में पता चला कि उसने चरस घर में ही तैयार की थी। चरस को ऊंचे दाम में बेचने के लिए वह टनकपुर, खटीमा और पीलीभीत ले जा रहा था। एसओ ने बताया कि आरोपी मान सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ ध्यान सिंह के नेतृत्व में चरस तस्कर को पकड़ने वाली टीम में एसओ मनीष खत्री, एसआई हरीश प्रसाद, एसआई देवेंद्र मेहता, कांस्टेबल नवल किशोर, सुनील कुमार, एसओजी कांस्टेबल राकेश रौंकली, मनोज बेरी, मतलूब खान, सर्विलांस के भुवन पांडेय शामिल थे।
चरस तस्करी का नए साल में पहला मामला
चंपावत। चरस तस्करी में जिला नया गढ़ बन गया है। पिछले साल चंपावत जिले में सबसे अधिक 87 किलो 851 ग्राम चरस पकड़ी गई थी। कर्णकरायत में पकड़ी गई चरस इस इस साल का पहला मामला है। चंपावत जिले का पाटी-देवीधुरा क्षेत्र चरस तस्करी का नया कॉरिडोर बन रहा है। अल्मोड़ा और नैनीताल जिले की सीमा से लगे होने वाले इस क्षेत्र से 2020 में चरस बरामदगी के ज्यादातर मामले पकड़े गए। एसपी लोकेश्वर सिंह का कहना है कि चरस तस्करी को रोकने के लिए जागरूकता अभियान के साथ ही कार्ययोजना बनाकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
जिले में 2020 में चरस बरामदगी के मामले:
11 फरवरी : लोहाघाट में 152 ग्राम चरस के साथ एक को दबोचा।
19 फरवरी : पाटी में पौने चार किलो चरस के साथ दो को दबोचा।
14 अप्रैल : लॉकडाउन में खूनाबोरा गांव में 1 किलो 300 ग्राम चरस, पुलिस ने दबोचा।
13 जून : खेतीखान-ललुवापानी में एक किलो 510 ग्राम चरस के साथ एक को पकड़ा।
24 जुलाई : स्वांला के पास एक किलो 290 ग्राम चरस सहित दो अभियुक्त धरे।
19 अगस्त : कोयाटी गांव में 200 ग्राम चरस के साथ एक पकड़ा।
16 सितंबर : पाटी थाना क्षेत्र में पिता-पुत्र सहित तीनों चरस तस्करों से बरामद हुई 12 किलो 110 ग्राम चरस।
13 अक्तूबर : चंपावत में एक किलो 112 ग्राम चरस के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार।
15 अक्तूबर : आठ किलो से अधिक चरस सहित तीन अभियुक्त गिरफ्तार।
28 अक्तूबर : 174 ग्राम चरस सहित एक अभियुक्त गिरफ्तार।
30 अक्तूबर : छह किलोग्राम चरस सहित तीन अभियुक्त गिरफ्तार।
03 नवंबर : छह किलो 109 ग्राम चरस सहित दो अभियुक्त गिरफ्तार।
12 नवंबर : एक किलो 30 ग्राम चरस सहत तीन अभियुक्त गिरफ्तार।
07 दिसंबर : तीन किलो चरस सहित तीन आरोपित दबोचे।
30 दिसंबर : नौ किलो चरस के साथ कनवाड़ बैंड के पास एक तस्कर दबोचा गया।