हल्द्वानी। एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में लगी नुमाइश रविवार रात अखाड़े में तब्दील हो गई। नुमाइश देखने के लिए बिना टिकट जा रहे युवकों को रोका तो उन्होंने वहां तैनात महिला सुरक्षा गार्ड से अभद्रता कर दी। विरोध करने पर युवक हमलावर हो गए और महिलाकर्मी से मारपीट करने लगे। इससे अफरातफरी सा माहौल हो गया। नुमाइश देखने आए लोग इधर-उधर भागने लगे।
सूचना पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों में काफी देर तक नोकझोंक हुई। युवकों का आरोप था कि महिला कर्मी ने उनके एक साथी को बेवजह थप्पड़ जड़ दिया। सुरक्षा कर्मी ने युवकों पर डंडों से पीटने का आरोप लगाया। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। नुमाइश संचालकों को मनमानी पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
हमेशा विवादों में रहती है नुमाइश
एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित होने वाली नुमाइश हमेशा विवादों में रहती है। इससे पहले भी यहां आए दिन कोई न कोई विवाद सामने आता रहता है। कभी मारपीट की घटनाएं होती हैं तो कभी नुमाइश देखने पहुंचे लोगों के दोपहिया वाहनों को सड़क पर गिरा दिया जाता है। इससे लोगों में गुस्सा है।