नैनीताल। शिक्षक संगठनों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत से मुलाकात कर शिक्षकों को जनगणना कार्य के दौरान विद्यालय के कार्यों से मुक्त करने की मांग की है। एक दिसंबर से जनगणना का द्वितीय चरण शुरू हो रहा है। इसमें प्रगणकों को घर-घर जाकर 40 प्रश्नों से जुड़ी जानकारियां एप पर दर्ज करनी हैं। शिक्षकों के लिए विद्यालयी दायित्वों के साथ यह कार्य करना संभव नहीं है। इससे विद्यालयों में शिक्षण कार्य प्रभावित होगा। पहाड़ी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड और कोहरे के कारण घर-घर जाकर जनगणना करना काफी कठिन है। प्रतिनिधिमंडल का दावा है कि आयुक्त ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लिया है। इसमें शैलेंद्र चौधरी, एलडी पाठक, गिरीश चंद्र जोशी, डीएन भट्ट, कविता कपकोटी और सुनीता भट्ट थे।