सीबीएसई की दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं पांच मार्च से शरू हो रही हैं लेकिन सीबीएसई के बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था रामभरोसे रहेेगी। थाना पुलिस ने सीबीएसई के परीक्षा केंद्रों पर पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने में हाथ खड़े कर दिए हैं। वहीं, उत्तराखंड बोर्ड के परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन ने पुलिस फोर्स की चाक चौबंद व्यवस्था की है। इधर, पुलिस व्यवस्था न मिलने से सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के केंद्र व्यवस्थापकों की प्रश्नपत्र से लेकर उत्तर पुस्तिकाओें की सुरक्षा को लेकर परेशानी बढ़ गई है।
उत्तराखंड बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा पांच मार्च से प्रारंभ हो रही हैं। उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सेक्टर मजिस्ट्रेट तक तैनात किए हैं। लेकिन सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं का कोई पुरसाहाल नहीं है। हल्द्वानी के जिन पब्लिक स्कूलों में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा केंद्र बने हैं उनके प्रधानाचार्यों ने पुलिस सुरक्षा के संबंध में अपने - अपने क्षेत्रों के थाना पुलिस में पत्र भेजा। कई स्कूल वाले खुद थाने चिठ्ठी लेकर भी गए मगर अधिकांश स्कूल वालों को थानों से फोर्स न मिलने का ही जवाब मिला। इस बार हाईस्कूल के बच्चों की भी बोर्ड परीक्षा होने के कारण परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या भी अधिक ही रहेगी। इस संबंध में सीबीएसई बोर्ड को अवगत कराया गया है।
ये हैं बोर्ड परीक्षा केंद्र
निर्मला कान्वेंट स्कूल, सेंटथेरेसा, इंस्पिरेशन स्कूल, बियरशिवा, डीएवी, सिंथिया, महर्षि विद्या मंदिर, क्वींस, डानबास्को बेरीपड़ाव, यूनिवर्सल, निमोनिक कान्वेंट, अमर मेमोरियल एवं यूनिवर्सल कालाढूंगी, नैनीताल के बिडला मंदिर, सेंट अम्तुल, डानबास्को दोगांव, सैनिक स्कूल घोड़ाखाल तथा लेक्स इंटरनेशनल, ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल। बोर्ड परीक्षा में दसवीं में 6061 तथा बारहवीं के 5626 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर पुलिस सुरक्षा करना प्रशासन का काम : मंजू
सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून की ओर से एसएसपी नैनीताल और एसपी सिटी हल्द्वानी को बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था करने के संबंध में पत्र भेजा गया। हमने भी पुलिस अधिकारियों से आग्रह किया है। अब पुलिस व्यवस्था मुहैया कराना या न कराना उनका काम है, हम पुलिस प्रशासन से कह ही सकते हैं, जबरदस्ती तो नहीं कर सकते।
- मंजू जोशी, सिटी कोआर्डिनेटर, सीबीएसई
हर परीक्षा केंद्रों पर फोर्स मुहैया करना संभव नहीं: एसएसपी
एक साथ दो बोर्डों की परीक्षाएं शुरू हो रहीं हैं। सीबीएसई के बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर पुलिस व्यवस्था मुहैया कराना संभव नहीं है। इसके लिए चौकी प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि वे अपने - अपने क्षेत्र के संबधित परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क करते रहेंगे तथा गड़बड़ी की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।
- जन्मेजय खडूड़ी, एसएसपी नैनीताल