लालकुआं (नैनीताल)। लॉकडाउन के दौरान क्षेत्र में बाहरी लोगों का आना अब भी जारी है। शनिवार को खुफिया विभाग, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन ने 11 ऐसे लोगों को होम क्वारंटीन किया है। वहीं बनभूलपुरा से अपने पैतृक घर चंपारण (बिहार) जा रहे दो युवकों को ऊधमसिंह नगर और नैनीताल की पुलिस ने संयुक्त रूप से पकड़ लिया।
शनिवार देर शाम बनभूलपुरा हल्द्वानी से रेलवे की पटरी से होते हुए पैदल बिहार जा रहे दो युवकों को पुलिस टीम ने यूएस नगर सीमैप दवाई फार्म के पास पकड़ लिया। शोहराभ और मो. चांद निवासीगण पूर्वी चंपारण बिहार ने कहा कि वह हल्द्वानी बनभूलपुरा के वार्ड 14 में रहकर राजमिस्त्री का काम करते हैं और अब अपने घर जाना चाहते हैं।
इसके बाद दोनों का पीएचसी के प्रभारी डॉ. अजय दीक्षित ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके बाद पुलिस प्रशासन की मदद से बनभूलपुरा में उनके किराए के मकान में क्वारंटीन कर दिया। डॉ. दीक्षित ने बताया कि लालकुआं क्षेत्र में अब होम क्वारंटीन किए गए लोगों की संख्या 147 हो गई हैं।